Tuesday, 1 September 2026
Patna
Bihar Infra Tales

बिहार में खुलेगा NSD का नया कैंपस, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

Share this article: X Facebook Telegram

बिहार में National School of Drama (NSD) के नए कैंपस की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने बिहार में NSD कैंपस स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में NSD कैंपस की स्थापना राज्य की समृद्ध नाट्य और प्रदर्शन कला परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और नई संभावनाएं देगी। बिहार की सांस्कृतिक विरासत और लोकनाट्य की गौरवशाली परंपरा को देखते हुए इसे राज्य के कला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

NSD कैंपस के लिए बिहार सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। राज्य सरकार ने इसके लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और संस्थान की जल्द स्थापना के लिए प्रशासनिक सहयोग देने की बात कही है।

नए NSD कैंपस की स्थापना से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के अवसर मिलेंगे। इससे प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रशिक्षण के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि NSD कैंपस बिहार की लोकनाट्य परंपराओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद करेगा। इससे राज्य की पारंपरिक प्रदर्शन कलाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और संस्थागत मंच मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार, NSD कैंपस केवल एक नए संस्थान की स्थापना नहीं है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में निवेश है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह संस्थान राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर बिहार की स्थिति को और मजबूत करेगा।

Desk's avatar

Desk

बिहार इंफ्रा टेल्स डेस्क बिहार की आधारभूत संरचना, विकास, निवेश, नीतियों और शासन से जुड़ी खबरों को कवर करता है।

अपनी राय दें