Tuesday, 23 June 2026
Patna
Bihar Infra Tales

बिहार में खिलाड़ियों की सीधी भर्ती नियमावली लागू, दो क्रिकेटरों को DSP पद

Share this article: X Facebook Telegram
In This Article
  1. ICC क्रिकेट और ओलंपिक खिलाड़ियों को मिलेगी उच्चतम श्रेणी की नौकरी
  2. नियमावली लागू होते ही दो क्रिकेटरों की DSP पद पर नियुक्ति की अनुशंसा
  3. एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ
  4. राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के लिए भी प्रावधान
  5. किन प्रतियोगिताओं को मिलेगी मान्यता?
  6. इन प्रतियोगिताओं को नहीं मिलेगी मान्यता
  7. पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ

बिहार सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को और स्पष्ट करते हुए “बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026” लागू कर दी है। यह नियमावली 18 जून 2026 को बिहार गजट में प्रकाशित होने के साथ प्रभावी हो गई।

नई नियमावली के तहत ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स, ICC क्रिकेट प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

ICC क्रिकेट और ओलंपिक खिलाड़ियों को मिलेगी उच्चतम श्रेणी की नौकरी

नियमावली के अनुसार Pay Level-9 (ग्रेड पे ₹5400) के पदों पर ओलंपिक पदक विजेता, ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, ICC क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले क्रिकेटर तथा एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी नियुक्ति के पात्र होंगे।

नियमावली लागू होते ही दो क्रिकेटरों की DSP पद पर नियुक्ति की अनुशंसा

नई नियमावली लागू होने के एक दिन बाद ही बिहार सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ियों मुकेश कुमार और आकाश दीप की सीधी नियुक्ति की अनुशंसा की है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 जून 2026 को गृह विभाग को भेजे पत्र में दोनों खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। दोनों की नियुक्ति Pay Level-9 के अंतर्गत प्रस्तावित की गई है।

सरकारी पत्र के अनुसार, गोपालगंज के मुकेश कुमार को हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का सदस्य होने के आधार पर पात्र माना गया है। वहीं रोहतास के आकाश दीप को भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने के आधार पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।

एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ

एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को Pay Level-7 (ग्रेड पे ₹4600) के पदों पर सीधी नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के लिए भी प्रावधान

राष्ट्रीय खेलों या सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को Pay Level-6 (ग्रेड पे ₹4200) के पदों पर नियुक्ति मिल सकेगी।

वहीं राष्ट्रीय खेलों या सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी Pay Level-1, 2 और 3 के पदों पर नियुक्ति के पात्र होंगे।

किन प्रतियोगिताओं को मिलेगी मान्यता?

नियमावली के अनुसार केवल उन्हीं प्रतियोगिताओं को मान्यता मिलेगी जो अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघ (ISF) या राष्ट्रीय खेल महासंघ (NSF) द्वारा आयोजित हों तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त हों।

इन प्रतियोगिताओं को नहीं मिलेगी मान्यता

Invitation Tournament, Memorial Tournament, गैर-आधिकारिक प्रतियोगिताओं और गैर-मान्यता प्राप्त चैंपियनशिप या टूर्नामेंट को नियुक्ति के लिए मान्य नहीं माना जाएगा।

पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि नियमावली में निर्धारित सभी प्रावधान पैरा स्पोर्ट्स (दिव्यांग खेल) के खिलाड़ियों पर भी समान रूप से लागू होंगे।

नई नियमावली के लागू होने के साथ बिहार में खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता अधिक स्पष्ट हो गया है। खेल उपलब्धियों के आधार पर सीधी नियुक्ति का यह प्रावधान राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें करियर सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Desk's avatar

Desk

बिहार इंफ्रा टेल्स डेस्क बिहार की आधारभूत संरचना, विकास, निवेश, नीतियों और शासन से जुड़ी खबरों को कवर करता है।

अपनी राय दें