In This Article
बिहार मंत्रिपरिषद ने बक्सर स्थित केंद्रीय कारा परिसर में अवस्थित वामन भगवान मंदिर के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार, केंद्रीय कारा, बक्सर की भूमि में से कुल 1 एकड़ 90 डिसमिल (600 फीट × 138 फीट) क्षेत्र, जिस पर वामन भगवान मंदिर स्थित है, को मंदिर परिसर के रूप में चिन्हित कर कारा परिसर से पृथक किया जाएगा।
मंदिर विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा फोकस
सरकार के अनुसार, इस निर्णय का उद्देश्य वामन भगवान मंदिर का समुचित विकास, सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक सहज और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है।
मंदिर परिसर को अलग किए जाने के बाद इसके विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
कारा सुरक्षा बनाए रखने के लिए बनेगी 14 फीट ऊंची चहारदीवारी
मंत्रिपरिषद ने यह भी स्वीकृति प्रदान की है कि कारा सुरक्षा को किसी प्रकार से प्रभावित हुए बिना मंदिर परिसर के तीन ओर कंटीले तार सहित 14 फीट ऊंची चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मंदिर और केंद्रीय कारा परिसर को अलग करना तथा जेल की सुरक्षा व्यवस्था को यथावत बनाए रखना है।
सुरक्षा और धार्मिक गतिविधियों के बीच बनाया जाएगा संतुलन
सरकार के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था से एक ओर श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में प्रवेश अधिक सुगम होगा, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय कारा, बक्सर की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
इस निर्णय के तहत मंदिर परिसर को कारा परिसर से अलग करते हुए धार्मिक गतिविधियों और सुरक्षा आवश्यकताओं के बीच संतुलित व्यवस्था विकसित की जाएगी।



